राजपुर पुलिस को बड़ी कामयाबी, 6.75 करोड़ की धोखाधड़ी का आरोपी भू-माफिया गिरफ्तार, 25 हजार के इनामी पर दो दर्जन मुकदमे भी दर्ज
देहरादून में जमीन के सौदे में धोखाधड़ी करने के मामले में राजपुर थाना पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है।पुलिस ने राजपुर रोड की करोड़ों की जमीन का सौदा कराने के नाम पर 6.75 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने और एनआरआई महिला की जमीन की फर्जी रजिस्ट्री के आरोपी 25 हजार रुपये के इनामी भू-माफिया विशाल कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। जिसके पास से अवैध 32 बोर की पिस्टल और दो जिंदा कारतूस भी बरामद हुए हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी पर उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में गैंगस्टर समेत दो दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।
6.75 करोड़ की ठगी का आरोप
देहरादून के कारोबारी कमल जिंदल ने राजपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि विशाल कुमार ने अपने साथियों के साथ मिलकर राजपुर रोड स्थित एक बहुमूल्य संपत्ति का सौदा कराने का झांसा दिया। जिसमें उसने अलग-अलग माध्यमों से उनसे 6 करोड़ 75 लाख रुपये ले लिए लेकिन न तो उन्हें जमीन की रजिस्ट्री कराई और न ही रकम वापस लौटाई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने धोखाधड़ी और बीएनएस की सम्बंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
एनआरआई महिला की जमीन की फर्जी रजिस्ट्री का भी आरोपी
पुलिस जांच में सामने आया कि विशाल कुमार पहले भी एक वृद्ध एनआरआई महिला की जमीन की फर्जी रजिस्ट्री कराने के मामले में नामजद रहा है। जिसके संबंध में 2023 में राजपुर थाने में उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था। पुलिस के मुताबिक आरोपी लंबे समय से भूमि से जुड़े विवादित और संदिग्ध सौदों में सक्रिय रहा है और धोखाधड़ी करके कई लोगों को करोड़ों रुपये का चूना लगाने के आरोप झेल रहा है।
दो राज्यों में फैला आपराधिक नेटवर्क
विशाल कुमार का आपराधिक इतिहास करीब तीन दशक पुराना बताया जा रहा है और उसके खिलाफ उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में कुल 24 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें गैंगस्टर एक्ट, धोखाधड़ी, फर्जी दस्तावेज तैयार करने, आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास, आबकारी अधिनियम और चोरी के माल की खरीद-फरोख्त जैसे गंभीर मामले शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी एक संगठित गिरोह की तरह काम करता था और लंबे समय से कानून से बचता फिर रहा था।
सर्विलांस और मुखबिर की मदद से दबोचा
मुकदमे में वांछित चल रहे विशाल कुमार के खिलाफ अदालत से गैर-जमानती वारंट जारी कराया गया था। एसएसपी के निर्देश पर राजपुर थाना पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय करने के साथ इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस का सहारा लिया। लगातार दबिशों के बाद पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी आईटी पार्क क्षेत्र में मौजूद है। इसके बाद पुलिस टीम ने तपोवन रोड के पास घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के समय पिस्टल और कारतूस बरामद
पुलिस ने आरोपी और उसकी क्रेटा कार की तलाशी ली तो उसके कब्जे से एक अवैध 32 बोर पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। इसके बाद उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट में अलग से मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी की कार को भी सीज कर दिया है। पुलिस के अनुसार बरामद हथियार के स्रोत और उसके इस्तेमाल को लेकर भी जांच की जा रही है।
पहले भी कई बार जा चुका है जेल
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार विशाल कुमार पूर्व में कई आपराधिक मामलों में गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है। इसके बावजूद वह लगातार भूमि कारोबार और धोखाधड़ी से जुड़े मामलों में सक्रिय रहा। दून पुलिस अब उसके नेटवर्क, सहयोगियों और अन्य संभावित पीड़ितों की जानकारी जुटा रही है।
