देहरादून में क्यों धारदार हथियार से हमला कर 23 वर्षीय युवती की हत्या की

0

राजधानी के सबसे व्यस्त इलाकों में शामिल मच्छी बाजार में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। एक युवक ने धारदार हथियार से हमला कर 23 वर्षीय युवती की हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने खुद को पुलिस के हवाले कर दिया।

पुलिस के अनुसार, गोविंदगढ़ निवासी गुंजन श्रीवास्तव (23), पुत्री मनीष श्रीवास्तव, मच्छी बाजार स्थित एक कपड़े की दुकान में काम करती थी। सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे वह स्कूटर से मच्छी बाजार पहुंची। स्कूटर एक परिचित के यहां पार्क करने के बाद वह पैदल दुकान की ओर जा रही थी।
इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे आकाश कुमार (27) पुत्र कोमलराम, निवासी मन्नूगंज, मोहल्ला खुड़बुड़ा, ने गुंजन पर चापड़ से अचानक हमला कर दिया। हमले में गुंजन की गर्दन पर गहरा वार हुआ, वहीं बचाव के प्रयास में उसकी उंगलियां भी कट गईं। गंभीर रूप से घायल गुंजन मौके पर ही गिर पड़ी और उसकी मौत हो गई।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी आकाश ने हथियार घटनास्थल के पास फेंक दिया और स्वयं खुड़बुड़ा पुलिस चौकी पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी शादीशुदा है और एक बच्चे का पिता है। आकाश और गुंजन के बीच करीब तीन वर्षों से जान-पहचान थी। बीते कुछ महीनों से दोनों के बीच मनमुटाव चल रहा था और गुंजन ने उससे बातचीत बंद कर दी थी, जिससे आरोपी नाराज था।
एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
घटना के विरोध में आक्रोशित व्यापारियों ने मच्छी बाजार, धामावाला और पलटन बाजार की दुकानें बंद कर दीं और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बाजार क्षेत्र में कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed