उत्तराखंड में 28 हजार से अधिक युवाओं को मिली सरकारी नौकरी
देहरादून में 1035 सहायक अध्यापकों को नियुक्ति पत्र, 4.5 वर्षों में 28 हजार से अधिक युवाओं को मिली सरकारी नौकरी
देहरादून में आज आयोजित कार्यक्रम के दौरान 1035 सहायक अध्यापकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि पिछले साढ़े चार वर्षों में राज्य में 28 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। उन्होंने इसे केवल आंकड़ा नहीं, बल्कि युवा कल्याण के संकल्प की जीत बताया।
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि अपने कार्यकाल के दौरान सबसे अधिक सरकारी नियुक्तियां की गई हैं। लगभग 28 हजार से अधिक युवाओं को विभिन्न विभागों में नौकरी मिलना इस बात का प्रमाण है कि राज्य सरकार पूरी पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि यह पहली बार हुआ है जब किसी सरकार ने इतने कम समय में इतनी बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया है
।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने युवाओं को भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में भी इसी तरह सरकारी भर्तियां जारी रहेंगी और सरकार पूरी मजबूती से युवाओं के साथ खड़ी रहेगी। उन्होंने कहा कि पहले भर्ती प्रक्रियाओं में पेपर लीक और फर्जीवाड़े जैसी समस्याएं सामने आती थीं, लेकिन अब उन पर पूरी तरह रोक लगाई गई है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सख्त कानून, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और ठोस रणनीति के चलते यह संभव हो पाया है। सरकार की मंशा साफ है कि योग्य युवाओं को समय पर रोजगार मिले और किसी भी तरह की अनियमितता को बर्दाश्त न किया जाए।
