देहरादून में कश्मीरी युवक से धर्म पूछकर मारपीट, आरोपी गिरफ्तार
राजधानी देहरादून से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने एक बार फिर कानून-व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यह घटना विकासनगर क्षेत्र की बताई जा रही है, जहां कश्मीर से आए दो युवकों के साथ कथित तौर पर धर्म पूछकर बेरहमी से मारपीट की गई।
घटना 28 जनवरी की है। जानकारी के अनुसार, दोनों युवक शॉल बेचने का कार्य करते थे और विकासनगर में एक दुकान पर सामान लेने पहुंचे थे। इसी दौरान वे आपस में बातचीत कर रहे थे, जिसे दुकानदार ने गलतफहमी में गाली-गलौज समझ लिया। दुकानदार ने जब उनसे उनका परिचय पूछा तो युवकों ने खुद को कश्मीर का निवासी बताया।
आरोप है कि इसके बाद दुकानदार ने पहलगाम हमले का हवाला देते हुए अपने साथियों के साथ मिलकर दोनों युवकों की जमकर पिटाई की। मारपीट में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनके हाथ-पैर टूटने की बात सामने आई है। उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पीड़ितों का आरोप है कि उनसे धर्म पूछकर हमला किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए केस दर्ज किया और मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
