उत्तराखंड के सकल राज्य घरेलू उत्पाद में पिछले 20 महीने में एक दशमलव तीन गुना बढोतरी

उत्तराखंड के सकल राज्य घरेलू उत्पाद-जी॰एस॰डी॰पी में पिछले 20 महीने में एक दशमलव तीन गुना बढोतरी हुई है। पिछले दो सालों में राज्य की प्रति व्यक्ति आय में 26 प्रतिशत वृद्धि हुई है। वर्ष 2023-24 में राज्य की प्रति व्यक्ति आय बढ़कर दो लाख 60 हजार रुपये हो गई है। 2021-22 में यह दो लाख पांच हजार रुपये थी। राष्ट्रीय स्तर पर भी प्रति व्यक्ति आय में 20 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। सचिवालय में मीडिया से औपचारिक बातचीत में सचिव डॉ. आर मीनाक्षी सुंदरम ने बताया कि राज्य सरकार ने वर्ष 2022 में अगले पांच सालों में राज्य की जी॰एस॰डी॰पी को दोगुना करने का लक्ष्य रखा था। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के पी.एल.एफ. सर्वेक्षण के अनुसार राज्य का 2022-23 में लेबर फोर्स पार्टिसिपेशन रेट 15 से 29 आयु वर्ग में 43 दशमलव 7 प्रतिशत था जो 2023-24 में बढ़कर 49 प्रतिशत हो गया है। इसी तरह से राज्य का वर्क पॉपुलेशन रेशियो 37 दशमलव पांच प्रतिशत से बढ़कर 44 दशमलव दो प्रतिशत हो गया है। राज्य में वर्क पॉपुलेशन रेशियो में महिलाओं की भागीदारी बढ़ी है। 15 से 29 आयु वर्ग में यह 26 दशमलव एक प्रतिशत से बढ़कर 32 दशमलव चार प्रतिशत हो गया है।