अमृतकाल के इस दौर में विकसित भारत और विश्वगुरु भारत के लक्ष्य को पूरा करने के लिए पुलिस बलों का महत्वपूर्ण योगदान है:राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने कहा है कि अमृतकाल के इस दौर में विकसित भारत और विश्वगुरु भारत के लक्ष्य को पूरा करने के लिए पुलिस बलों का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने कहा कि बदलते समय के अनुसार पुलिस को अपने इंटेलिजेंस तंत्र को और अधिक मजबूत करना होगा। वे कल देहरादून में 49वीं अखिल भारतीय पुलिस विज्ञान कांग्रेस के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे। साइबर अपराध को बड़ी चुनौती बताते हुए राज्यपाल ने कहा कि वर्तमान समय में अपराधी, अपराध करने के नए तरीके अपना रहे हैं और ऐसे में पुलिस को उनसे एक कदम आगे बढ़कर खुद को तैयार रखने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि पुलिस बल को तकनीकी तौर पर भी सशक्त होने की जरूरत है, ताकि अपराधियों से निपटा जा सके। उन्होंने आशा जताई कि पुलिस विज्ञान कांग्रेस में किये गए चिंतन, मनन और चर्चाओं से पुलिसिंग और आंतरिक सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण सुझाव प्राप्त हुए होंगे। इस मौके पर राज्यपाल ने पुलिस विज्ञान कांग्रेस में लगी पुलिस-टैक प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।