उत्तराखंड के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हुई बर्फबारी

उत्तराखंड में चारधाम समेत हेमकुंड साहिब, औली, हर्षिल, धनोल्टी, गंगोत्री, यमुनोत्री, हर्षिल घाटी, सांकरी, जखोल, गंगाड, दयारा बुग्याल, आपदा प्रभावित जोशीमठ, नैनीताल सहित अन्य ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई है। इस हिमपात से पर्यटकों के चेहरे खिल गए हैं। प्रदेश में सर्द हवाओं से ठिठुरन बढ़ गई हैं। वहीं, चकराता, धनोल्टी के आसपास के इलाकों में सीजन का पहला हिमपात होने से बड़ी संख्या में पर्यटकों के पहुंचने की संभावना है। पौड़ी जिले के कोटद्वार सहित अन्य स्थानों पर बूंदाबांदी हुई।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार प्रदेश में आज से अगले पांच दिन मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। इस दौरान ज्यादातर क्षेत्रों में धूप खिली रह सकती है। हालांकि, सुबह-शाम कड़ाके की ठंड महसूस की जा सकती है। खासकर हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में घना कोहरा छाने से शीत दिवस की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। मैदानों में तापमान में अप्रत्याशित गिरावट दर्ज को लेकर यलो अलर्ट भी जारी किया गया है।