देश को विकसित राष्ट्र बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई विकसित भारत संकल्प यात्रा प्रदेश में सुचारू रूप से जारी

केंद्र सरकार द्वारा वर्ष 2047 तक देश को विकसित राष्ट्र बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई विकसित भारत संकल्प यात्रा प्रदेश में सुचारू रूप से जारी है। इसी क्रम में विकसित भारत संकल्प यात्रा का सूचना, शिक्षा और संपर्क रथ आज उधमसिंह नगर के मदनापुर ग्राम पंचायत पहुंचा। इस अवसर पर कृषि, स्वास्थ्य, खाद्य आपूर्ति, ग्राम्य विकास, बैंक, विद्युत, बाल विकास और अन्य विभागों ने स्टॉल के माध्यम से लोगों को केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही शिविर में लोगों की आयुष्मान, राशन कार्ड, किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला और अन्य संबंधित योजनाओं की शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी उदय राज सिंह ने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य केंद्र और राज्य सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर तक पहुंचाना है।