मुख्यमंत्री ने जोशीमठ में चल रहे राहत कार्यों की समीक्षा की

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जोशीमठ के प्रभावित क्षेत्र से विस्थापित होने वाले परिवारों को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए विस्तृत योजना बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर प्रभावितों को विस्थापित किया जायेगा, वहां सरकार की ओर से सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। मुख्यमंत्री ने आज देहरादून में आयोजित बैठक में जोशीमठ में चल रहे राहत कार्यों की समीक्षा की।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि भूधंसाव से प्रभावित क्षेत्र के जिन परिवारों को अन्यत्र शिफ्ट किया गया है, उन सभी के लिए शीतलहर के मद्देनजर हीटर और अलाव की व्यवस्था की जाए। मुख्यमंत्री ने आपदा प्रबंधन सचिव को निर्देश दिये कि जोशीमठ के प्रभावित क्षेत्र के लोगों को पुनर्वास और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए कितनी धनराशि की आवश्यकता होगी, इसका गहनता से आकलन किया जाए। उन्होंने कहा कि चमोली के जिलाधिकारी से लगातार समन्वय रखते हुए और स्थानीय लोगों के सुझावों के आधार पर सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर ही आकलन किया जाए।