अल्मोड़ा जिले के कटारमल गांव में स्थित प्रसिद्ध सूर्य मंदिर में आज पौष मेले का आयोजन हुआ

अल्मोड़ा जिले के कटारमल गांव में स्थित प्रसिद्ध सूर्य मंदिर में आज पौष मेले का आयोजन किया गया। मान्यता है कि पौष माह में भगवान सूर्य की विशेष पूजा होती है, इस लिए यहां पौष मास के अंतिम रविवार को देश भर से श्रद्धालु भगवान सूर्य देव की पूजा करने आते हैं। यह सूर्य मंदिर देश में प्रसिद्ध सूर्य मंदिरों में से एक है। कहा जाता है कि इस मंदिर को कत्यूरी राजाओं ने 9वीं शताब्दी में बनाया था।
सूर्य पर्व पर सूर्य मंदिर कटारमल में लगे मेले में अल्मोड़ा नगर, खूंट, धामस, कोसी, महतगांव, इटौला, उडियारी, घनेली, मटेला, सल्ट, भिकियासैंण सहित जिले के विभिन्न हिस्सों केे लोग बढ़ी संख्या में पहुंचे। इस दौरान मंदिर में भक्तों की खासी भीड़ रही। भीड़ अधिक होने से भक्तों को अपने आराध्य के दर्शन को घंटों लंबी कतार में लगे रहना पड़ा। इसके बाद भी उनका हौसला कम नहीं हुआ।
उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान सूर्य से सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इससे पूर्व सूर्य मंदिर में सुबह नवग्रहों के साथ सूर्य पूजन हुआ। इसके बाद हुए अष्टकुंडीय यज्ञ में बढ़ी संख्या में लोगों ने आहूति दी। यज्ञ के बाद कन्या पूजन के साथ ही सुंदरकांड पाठ, भजन-कीर्तनों का आयोजन हुआ। पूरे दिन वैदिक मंत्रोच्चार से मंदिर गूंजता रहा।
पंडित विनोद चंद लोहनी और धीरजानंद बेलवाल ने धार्मिक अनुष्ठान कराए। मंदिर समिति के गोपाल सिंह बिष्ट, दीवान सिंह भंडारी, भगवत सिंह, रणजीत सिंह, गणेश, धर्म सिंह, दीपक आदि ने सहयोग किया। आईटीबीपी और सोमेश्वर पुलिस लोगों की सुरक्षा में जुटी रही।