निकाय चुनाव अपडेट-नगर निकाय चुनाव में कुल 5,399 प्रत्याशी चुनावी मैदान में

उत्तराखंड में निकाय चुनाव के लिए नामांकन वापसी के बाद चुनाव चिन्ह आवंटन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। नगर निकाय चुनाव में कुल 5,399 प्रत्याशी चुनावी मैदान है। इसमें से नगर प्रमुख/ अध्यक्ष पद के लिए 514 प्रत्याशी और सभासद/सदस्य के लिए 4885 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। इसके अलावा 47 प्रत्याशियों का निर्विरोध निर्वाचन हो गया है। उत्तराखंड में कुल 100 नगर निकायों पर चुनाव हो रहे हैं। इसमें 11 नगर निगमों, 43 नगर पालिका परिषद और 46 नगर पंचायतें शामिल हैं। प्रदेश के 11 नगर निगमों के नगर प्रमुख के लिए कुल 72 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। जबकि सभासद पदों के लिए 2009 प्रत्याशी चुनावी मैदान में अपना भाग्य आजमा रहे हैं। इसी तरह, 43 नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष पद के लिए 211 प्रत्याशी और नगर पालिका सदस्य के लिए 1596 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। इसके अलावा, 46 नगर पंचायत के अध्यक्ष पद के लिए 231 प्रत्याशी और नगर पंचायत सदस्य के लिए 1280 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव राहुल कुमार गोयल ने बताया कि बैलेट पेपर छपने का कार्य शुरू हो गया है। पर्यवेक्षकों की तैनाती की गई है। निष्पक्ष चुनाव के लिए आयोग द्वारा सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।