भारत की सशस्त्र सेनाओं के पूर्व सैनिकों के सम्मान में 14 जनवरी यानी आज प्रदेशभर में सशस्त्र बल पूर्व सैनिक दिवस हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया

भारत की सशस्त्र सेनाओं के पूर्व सैनिकों के सम्मान में 14 जनवरी यानी आज प्रदेशभर में सशस्त्र बल पूर्व सैनिक दिवस हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। मुख्य समारोह का आयोजन देहरादून के उत्तराखंड सब एरिया मुख्यालय में आयोजित किया गया। कडाके की ठंड के बावजूद समारोह में लगभग 7 सौ पूर्व सैनिक और वीरांगनाएं शामिल हुईं। पूर्व सैनिकों को संबोधित करते हुए, स्टेशन कमांडर ब्रिगेडियर संजोग नेगी ने अद्वितीय साहस और बलिदान के साथ देश की संप्रभुता, एकता और अखंडता की रक्षा करने में उनकी अदम्य भावना और सेवा के लिए पूर्व सैनिकों के प्रति आभार व्यक्त किया और उन लोगों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की जिन्होंने देश के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। गौरतलब है कि भारतीय सशस्त्र बलों के पहले कमांडर-इन-चीफ, फील्ड मार्शल के एम करियप्पा, ओबीई, जो 1953 में इसी दिन सेवानिवृत्त हुए थे, उनके द्वारा प्रदान की गई सेवाओं के सम्मान में हर साल 14 जनवरी को सशस्त्रबल पूर्व सैनिक दिवस मनाया जाता है।