30 अप्रैल से गौचर और जोशियाड़ा के लिए शुरू होगी हेली सेवा, चार नई रूट्स पर उड़ान की तैयारी

उत्तराखंड में हवाई सेवाओं का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी कड़ी में प्रदेश सरकार ने पर्वतीय क्षेत्रों को हेली सेवाओं से जोड़ने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया है। 30 अप्रैल से देहरादून के सहस्रधारा हेलीपैड से गौचर और जोशियाड़ा के लिए अलग-अलग हेली सेवाएं शुरू की जाएंगी। इन सेवाओं के माध्यम से यात्रा न केवल अधिक सुविधाजनक होगी, बल्कि समय की भी बचत होगी।
हेली सेवाओं का संचालन उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (UCADA) के तत्वावधान में किया जा रहा है। प्रदेश सरकार का उद्देश्य दुर्गम और दूरस्थ क्षेत्रों को हवाई मार्ग से जोड़कर लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना है।
इन सेवाओं के संचालन की जिम्मेदारी चुंबी एविएशन को सौंपी गई है, जो पहले से ही राज्य में कुछ हेली सेवाएं संचालित कर रही है। उड़ानों के लिए सभी आवश्यक तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं और निर्धारित तिथि से सेवाएं सुचारु रूप से आरंभ कर दी जाएंगी।
इसके अलावा, हेली सेवा विस्तार की योजना के तहत 15 मई से सहस्रधारा से पौड़ी और श्रीनगर के बीच भी हेली सेवाएं शुरू की जाएंगी। इससे इन क्षेत्रों के निवासियों और पर्यटकों को अत्यधिक लाभ मिलेगा, खासकर आपात स्थिति, स्वास्थ्य सेवाओं या पर्यटन के उद्देश्यों से यात्रा करने वालों के लिए यह सेवा वरदान साबित होगी।
उत्तराखंड में हेली सेवाओं का यह विस्तार राज्य के समग्र विकास और सुगम यात्रा व्यवस्था की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।