केदापुरम में डीएम का औचक निरीक्षण, नारी निकेतन से शिशु सदन तक व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा

0

जिलाधिकारी सविन बंसल ने केदारपुरम स्थित राजकीय नारी निकेतन, बालिका निकेतन, बाल गृह एवं शिशु सदन का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा, स्वास्थ्य, भोजन, स्वच्छता, आधारभूत संरचनाओं तथा बच्चों और महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का विस्तृत जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने निकेतन में बढ़ती ठंड को देखते हुए महिलाओं, बालिकाओं और शिशुओं को स्वेटर, टोपी एवं अन्य गर्म कपड़े वितरित किए। बच्चों में मिठाई बांटी तो उनके चेहरों पर खुशी साफ झलकती दिखी। वर्तमान में नारी निकेतन में 173 महिलाएं, बालिका निकेतन में 19 और बाल गृह व शिशु सदन में 23 बच्चे निवासरत हैं।

डीएम ने सुरक्षा बढ़ाने के लिए नारी निकेतन में दो महिला होमगार्ड तत्काल तैनात करने के निर्देश दिए। साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने हेतु दो अतिरिक्त नर्सों की नियुक्ति तथा आरबीएसके टीम को नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के लिए अनिवार्य रूप से विजिट करने के आदेश दिए।

उन्होंने कहा कि बेसहारा, परित्यक्त व शोषित महिलाओं और बच्चों के पुनर्वास और मुख्यधारा में शामिल करने के लिए अतिरिक्त देखभाल, काउंसलिंग और आवश्यक सुविधाओं का उपलब्ध होना बेहद जरूरी है। डीएम ने बताया कि निकेतन में स्वीकृत डोर मैट्री भवन का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है और इसे दो महीनों में समर्पित किया जाएगा।

बालिका निकेतन में बालिकाओं के सर्वांगीण विकास पर जोर देते हुए जिलाधिकारी ने परिसर में समुचित खेल मैदान के निर्माण के निर्देश दिए, जिसमें खो-खो, कबड्डी, बैडमिंटन और योग जैसी गतिविधियों की व्यवस्था होगी। वहीं शिशु निकेतन में सभी कमरों में ऑयल हीटर लगाए जाने के आदेश भी दिए गए।

नारी निकेतन की आधारभूत सुविधाओं में तेजी से सुधार के लिए डीएम ने ग्रामीण निर्माण विभाग को निर्देशित किया कि निर्माणाधीन भवन व अन्य कार्य समयबद्ध रूप से पूरे किए जाएं। आधार कार्ड बनाने के लिए 11 मोबाइल फोन और सिम की स्वीकृति भी मौके पर ही दी गई।

निरीक्षण के दौरान नारी निकेतन, बालिका निकेतन और शिशु सदन में चल रहे कई निर्माण कार्यों—शौचालय सुदृढ़ीकरण, फर्श मरम्मत, सुरक्षा ग्रिल, जिम क्षेत्र समतलीकरण, किचन सुधार, पार्किंग, फेंसिंग, इन्वर्टर स्थापना आदि—की प्रगति भी डीएम ने परखी और इन्हें जल्द पूरा करने के निर्देश जारी किए।

निरीक्षण में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, एसडीएम सदर हरिगिर, जिला प्रोबेशन अधिकारी मीना बिष्ट, एसीएमओ डॉ. वंदना सेमवाल, बाल कल्याण समिति अध्यक्ष नमिता ममगाईं सहित ग्रामीण निर्माण एवं पेयजल विभाग के अधिकारी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed