मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 77वां स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण कर, राज्य के विकास का रोड मैप रखा

उत्तराखंड में 77वां स्वतंत्रता दिवस आज धूमधाम से मनाया गया। देहरादून के परेड़ ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि खनिजों की कालाबाजारी रोकने के लिए ’’खनिज प्रसंस्करण पोर्टल’’ बनाया जाएगा। श्री धामी ने कहा कि दुर्गम इलाकों में गर्भवती माताओं-बहनो की सुरक्षा के लिए ’’मुख्यमंत्री जच्चा-बच्चा सुरक्षा योजना’’ शुरू की जायेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के राजकीय विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए उनके विषयों की पुस्तक हिन्दी और अंग्रेजी दोनों माध्यमों में निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। राज्य के प्रमुख चौराहों और सड़कों का नामकरण राज्य के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, शहीदों, साहित्यकारों और महान विभूतियों के नाम पर किया जाएगा। श्री धामी ने कहा कि राज्य में एकल, निराश्रित, परित्यक्ता और विधवा महिलाओं को उनके निवास स्थान पर ही रोजगार सृजन के लिए ’’मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना’’ प्रारंभ की जाएगी। उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्र के नगरों को विकसित करने के उद्देश्य से ’’मुख्यमंत्री पर्वतीय नगर विकास योजना’’ के अंतर्गत दोनों मंडलों में एक-एक शहर को ’’मॉडल सिटी’’ के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सीमांत गांव के जनजातीय इलाकों में ’’एकलव्य स्कूलों’’ की संख्या में वृद्धि करने के लिए केन्द्र सरकार से अनुरोध किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 05 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को विशिष्ट कार्यों के लिए मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक प्रदान किया।