मुख्यमंत्री धामी ने कैंचीधाम और घोड़ाखाल मंदिर में सफाई अभियान चलाया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर 22 जनवरी को रामलला के अयोध्या में विराजमान होने के उपलक्ष्य में उत्तरायणी पर्व से 22 जनवरी तक प्रदेश के सभी धार्मिक स्थलों और प्रतिष्ठानों में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज नैनीताल के कैंची धाम से राज्य में ‘‘सांस्कृतिक उत्सव’’ का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कैंचीधाम और घोड़ाखाल मंदिर में सफाई अभियान चलाया और लोगों से इस अभियान से जुड़ने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले पांच दशकों को ध्यान में रखते हुए कैंची धाम का मास्टर प्लान तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कैंची धाम मास्टर प्लान से आने वाले समय में श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा मिलेगी। साथ ही धार्मिक व आध्यात्मिक पर्यटन बढ़ेगा और सरकार की आर्थिकी सुदृढ़ होगी। इससे पहले मुख्यमंत्री ने 24 करोड़ 68 लाख रूपये की विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास किया। कार्यक्रम में श्री धामी ने स्वच्छता अभियान में शामिल पर्यावरण मित्रों के कार्यों की सराहना करते हुए उनसे बातचीत की। उन्होंने स्कूली बच्चों, स्वयं सहायता समूह, ग्राम प्रधानों और पर्यावरण मित्रों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।