मुख्यमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली जयंती पर उन्हें याद कर श्रद्धांजलि दी

देश आज पूर्व प्रधानमंत्री ‘भारत रतन’ स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर उन्हें याद कर रहा है। देहरादून में मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर उनके चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी कुशल प्रशासक, राजनीतिज्ञ और लोकप्रिय जन नेता थे, वे एक ऐसे महान वक्ता थे, जिन्हें समाज के सभी वर्गों के लोग प्यार और आदर करते थे। उनके लिए राष्ट्रहित सर्वाेपरि था। अटल जी उत्तराखण्ड राज्य के प्रणेता हैं, उन्होंने न केवल उत्तराखण्ड राज्य का निर्माण किया बल्कि इसके विकास के लिए आधार भी तैयार किया। इस बीच मुख्यमंत्री ने पेशावर कांड के नायक वीर चन्द्र सिंह ‘गढ़वाली‘ की जयंती पर उनके चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली ने देश की आजादी के लिये आन्दोलनरत निहत्थी जनता पर गोली चलाने के आदेश को न मानकर महान देशभक्ति और साहस का परिचय दिया था। उन्होंने कहा कि भारत की आजादी के लिए ‘पेशावर कांड‘ एक महत्वपूर्ण पड़ाव था। भारतीय स्वतन्त्रता संग्राम के आंदोलन में यह घटना मील का पत्थर साबित हुई, जिसने भविष्य के लिए एक क्रांतिकारी आधार तैयार किया।