चम्पावत: बहुउद्देश्यीय कोली ढेक झील का निर्माण कार्य के बाद पर्यटन गतिविधियों की कवायद शुरू

चम्पावत जिले की बहुउद्देश्यीय कोली ढेक झील का निर्माण कार्य पूरा होने के साथ ही इसमें पर्यटन गतिविधियों की कवायद शुरू हो गयी है। 1500 मीटर लंबी, 80 मीटर चौड़ी और 21 मीटर गहरी इस झील के निर्माण के बाद इसमें सिंचाई विभाग ने पर्याप्त पानी भर दिया है। जिला प्रशासन ने अब इसमें पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने की तैयारियां भी शुरू कर दी है। पर्यटन विभाग ने नौकायन के लिए लोगों से आवेदन मांगे हैं ताकि स्थानीय लोगों को स्वरोजगार से जोड़ा जा सके।
जिले के पर्यटन विकास अधिकारी अरविंद गौड़ ने बताया कि पर्यटन विभाग ने झील में नौकायन के लिए परमिट देने की प्रक्रिया शुरू की है। उन्होंने बताया कि इसके साथ ही भविष्य में झील परिसर में पर्यटन गतिविधियों और स्वरोज़गार को और अधिक बढ़ावा देने के लिए सिंचाई विभाग से चर्चा की जा रही है। गौरतलब है कि लगभग 33 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस झील का निर्माण कार्य साल 2018 में शुरू हो गया था।