उत्तराखण्ड का 22वां राज्य स्थापना दिवस आज धूम धाम से मनाया गया

उत्तराखण्ड का 22वां राज्य स्थापना दिवस आज धूम धाम से मनाया गया। देहरादून के पुलिस लाइन में रैतिक परेड का आयोजन किया गया। इस अवसर पर राज्यपाल गुरमीत सिंह ने परेड का निरीक्षण कर सलामी ली। साथ ही राज्यपाल ने राज्य आन्दोलन से जुड़े सभी ज्ञात-अज्ञात, अमर शहीदों और आंदोलनकारियों को नमन किया। उन्होंने प्रदेशवासियों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने के साथ ही प्रदेश के प्रत्येक हिस्से को स्वच्छता अभियान का रोल मॉडल बनाने को कहा। राज्यपाल ने कहा कि हमें अपने लिये तीन लक्ष्य निर्धारित करने हैं- इमीडियेट गोल, इण्टरमीडियेट गोल और सेन्चुरी गोल। राज्य स्थापना दिवस पर राज्यपाल ने विशिष्ट सेवाओं के लिए ‘राष्ट्रपति पुलिस पदक’ प्राप्त पुलिस अधिकारियों को भी सम्मानित किया। इस अवसर पर उत्तराखण्ड पुलिस पत्रिका 2022 का विमोचन किया गया और नैनीताल के चोरगलिया थाने को सर्वश्रेष्ठ पुलिस थाने के रूप में सम्मानित किया गया। वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंच से उत्तराखण्ड गौरव सम्मान 2021 और 2022 प्रदान किए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य के सकल घरेलू उत्पाद को वर्ष 2027 तक दोगुना किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ऊर्जा उत्पादन को बढ़ाने के लिए और निवेशकों को आकर्षित करने के लिए तीन माह के भीतर सरलीकृत लघु जल विद्युत नीति और सौर ऊर्जा नीति बनायी जाएगी। विद्यालयी शिक्षा विभाग के अंतर्गत विद्यालयों की अवस्थापना सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण और विस्तार करने तथा शिक्षा की गुणवत्ता को बढ़ाने के लिए रूपांतरण कार्यक्रम के तहत प्रति वर्ष दो सौ विद्यालयों को रूपांतरित किया जाएगा तथा अगले पाँच वर्षों में एक हजार विद्यालयों को सुदृढ़ किया जाएगा। राज्य में ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित करने का प्रयास करेंगे कि उत्तराखंड के आंदोलन का इतिहास तथा लोक संस्कृति के विभिन्न आयामों को हमारी पाठ्य पुस्तकों में शामिल किया जा सके। श्री धामी ने कहा कि जम्मू-कश्मीर और हिमांचल प्रदेश की तर्ज पर उत्तराखंड में भी कम मूल्य वाली फसलों के स्थान पर उच्च मूल्य वाली फसलों को बढ़ावा दिया जाएगा ताकि फसल उत्पादकों की आय को बढ़ाया जा सके। उन्होंने कहा कि पर्यटन के क्षेत्र में निवेश को आकर्षित करने के लिए नई पर्यटन नीति तीन माह के भीतर बनायी जाएगी। राज्य में पशु पालकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए राज्य पशु धन मिशन की शुरुआत की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए ’गौरा शक्ति’ एप शीघ्र लांच किया जायेगा।
#uttarakhandraisingday
#uttarakhandfoundationday